UpdateMarts•Com
Follow Channel

13 January 2026

बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे स्कूल-कोचिंग


प्रयागराज, । जिले में संचालित स्कूल और कोचिंग संस्थान छात्र-छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखेंगे। सुकदेब साहा बनाम आंध्र प्रदेश राज्य एवं अन्य में उच्चतम न्यायालय के 25 जुलाई 2025 के आदेश के क्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव की ओर से 19 सितंबर को जारी आदेश के अनुपालन में छात्र मानसिक स्वास्थ्य तथा कोचिंग सेंटर विनियमों की निगरानी एवं कार्यान्वयन किए जाने तथा स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2020 की जनपदीय समिति की बैठक सोमवार को हुई। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में संगम सभागार में बैठक में शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा की गई कि छात्र-छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य का चिन्हांकन कराते हुए उसके निदान की भी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। भारत सरकार की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 14416 तथा 18008914416 का स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों आदि पर वॉल राइटिंग कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने अधिनियम के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर एसीपी कर्नलगंज राजीव कुमार यादव, वित्त एवं लेखाधिकारी विश्वपाल सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. हेमंत कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more