UpdateMarts•Com
Follow Channel

13 January 2026

राजकीय हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापक अब सीखेंगे प्रबंधकीय कौशल, सीमेट में शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण


प्रयागराज। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता पद से पदोन्नत होकर प्रधानाध्यापक बने अधिकारियों को अब शिक्षण के साथ-साथ प्रशासनिक और प्रबंधकीय जिम्मेदारियों के लिए भी तैयार किया जा रहा है। इसके लिए राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमेट), प्रयागराज में शैक्षिक प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता विकास पर आधारित पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।


प्रशिक्षण के पहले बैच में आठ जिलों से आए 60 प्रधानाध्यापक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सीमेट के अपर निदेशक रामशरण सिंह ने कहा कि प्रधानाध्यापक पद पर रहते हुए शिक्षण के अलावा प्रशासनिक, वित्तीय और प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करना होता है, जिनकी प्रभावी समझ यह प्रशिक्षण प्रदान करेगा।


उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर और विभिन्न विभागों के अधिकारी अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सत्रों में अधिक से अधिक प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे व्यवहारिक और नीतिगत जानकारी बेहतर ढंग से समझ सकें।


सीमेट के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित खन्ना ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और विषयवस्तु पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम समन्वयक प्रभात कुमार मिश्र ने बताया कि यह प्रशिक्षण कई चरणों में संचालित किया जाएगा और तीन फरवरी तक चलेगा।


इस अवसर पर सीमेट के संकाय सदस्य सरदार अहमद, बीआर आब्दी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more