यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026: 28-29 अप्रैल के बीच आ सकता है हाईस्कूल व इंटर का परिणाम
प्रयागराज: माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम 28 या 29 अप्रैल को घोषित होने की संभावना है। बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और कॉपियों का मूल्यांकन कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।
बोर्ड स्तर पर परीक्षार्थियों के अंक वेबसाइट पर अपलोड किए जा रहे हैं। जिन छात्रों की प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं छूट गई थीं, उन्हें भी अब पूरा कर लिया गया है। हाल ही में ऑनलाइन डेटा जांच के दौरान यह सामने आया कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर बाह्य परीक्षकों द्वारा अंक अपलोड नहीं किए गए थे, जिससे हजारों छात्रों का परिणाम प्रभावित होने की आशंका थी। इस समस्या को देखते हुए बोर्ड ने 6 और 7 अप्रैल को पोर्टल फिर से खोलकर अंक अपलोड करने का अवसर दिया, जिससे छात्रों को राहत मिली।
त्रुटियों में सुधार के निर्देश
बोर्ड ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों के नाम, माता-पिता के नाम या हिंदी-अंग्रेजी रूपांतरण में हुई गलतियों को 10 अप्रैल तक हर हाल में ठीक कर लिया जाए।
पिछले वर्ष से थोड़ी देरी संभव
पिछले साल 2025 में यूपी बोर्ड का रिजल्ट 25 अप्रैल को घोषित हुआ था। इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में कुछ देरी के चलते परिणाम 3-4 दिन बाद आने की संभावना जताई जा रही है। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
प्रैक्टिकल परीक्षाएं लगभग पूरी
इंटरमीडिएट की शेष प्रायोगिक परीक्षाएं 9 और 10 अप्रैल को आयोजित की गई थीं, जो अब लगभग पूरी हो चुकी हैं। ये परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में कराई गईं, जबकि कुछ छात्रों की परीक्षाएं जिला मुख्यालयों पर कराई गईं।

