■ अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया भर्ती कैलेंडर
■ आयोग ने पदवार भर्तियों के लिए तय किए कार्यक्रम
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जून से सितंबर तक चार माह में समूह 'ग' के 10445 पदों पर भर्तियों के लिए परीक्षा और साक्षात्कार करने जा रहा है। आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत ने भर्ती परीक्षा और साक्षात्कार संबंधी कार्यक्रम मंगलवार को मंजूरी दे दी है।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति की ओर से परीक्षा व साक्षात्कार संबंधी जारी कार्यक्रम के मुताबिक अनुदेशक टर्नर के दो पद, अनुदेशक बेसिक कॉस्मेटोलॉजी के 13 पदों के लिए साक्षात्कार इसी माह होगा। वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों की चिकित्सा परीक्षा 15 से 20 जून तक होगी। अनुदेशक मशीनिस्ट के तीन और सहायक सांख्यिकीय अधिकारी के 49 पदों के लिए इसी तरह साक्षात्कार होगा। फार्मासिस्ट के 564 पदों के लिए 29 जून को लिखित परीक्षा होगी। प्रदूषण नियंत्रण में संयुक्त संवर्ग के 93 पदों की परीक्षा भी 29 जून को होगी।
बीसीजी तकनीशियन के 255 पदों की परीक्षा 30 जून को होगी। अनुदेशक फैशन टेक्नोलॉजी के 13 पद, अनुदेशक ड्रेस मेकिंग के चार, अनुदेशक स्यूइंग टेक्नोलॉजी के तीन व अनुदेशक मैकेनिक मोटर व्हीकल के चार पदों के लिए जुलाई में साक्षात्कार होगा।

