हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे में नगर पालिका परिषद राठ ने शिक्षक असलम इकराम को जनगणना 2027 का कार्य सबसे पहले पूरा करने के लिए सम्मानित किया है। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने यह सम्मान प्रदान किया।
नगर पालिका परिषद द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र के अनुसार, असलम इकराम ने वार्ड संख्या 20, कोट बाजार के एचएलबी-106 क्षेत्र में मकान सूचीकरण का कार्य राठ नगर क्षेत्र में सर्वप्रथम पूर्ण किया। उन्होंने सौंपे गए दायित्वों का स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से निर्वहन करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया।
अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई 2026 को प्रारंभ हुआ था। असलम इकराम ने मात्र तीन दिनों में यह कार्य पूरा कर 24 मई को नगर क्षेत्र में सबसे पहले सूचीकरण संपन्न किया।
असलम इकराम ने बताया कि उन्होंने 22 मई से पहले ही अधिकांश ऑफलाइन कार्य पूरा कर लिया था, और ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होते ही आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज कर सबसे पहले कार्य पूर्ण किया। इस अवसर पर हसन अहमद, मनीष भारद्वाज, सरताज सहित अनेक अध्यापक और नगर पालिका कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने असलम इकराम के कार्य की सराहना की।
