30 June 2026

एलटी हिंदी के 888, संगीत के 117 आवेदन निरस्त



प्रयागराज,  उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक या प्रशिक्षित स्नातक) भर्ती 2025 की मुख्य परीक्षा के लिए हिंदी विषय के 888 और संगीत के 117 अभ्यर्थियों के आवेदन विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए हैं। आयोग ने कारण के साथ सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर सोमवार को जारी कर दिए। हिंदी के 690 पदों के लिए छह दिसंबर को आयोजित प्रारम्भिक परीक्षा में पंजीकृत 1,29,511 अभ्यर्थियों में से 82,007 परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। पांच फरवरी को घोषित परिणाम में इनमें से 8,162 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। अब इन 8,162 अभ्यर्थियों में से भी 888 कम हो गए हैं।

ये भी पढ़ें - 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को TET करना होगा या नहीं? NCTE के शपथपत्र से स्थिति हुई स्पष्ट

ये भी पढ़ें - लखीमपुर जनपद में विद्यालयों की संचालन का समय बदल गया

सर्वाधिक 294 आवेदन इसलिए निरस्त हुए हैं क्योंकि ये अभ्यर्थी अनिवार्य शैक्षिक अर्हता एक विषय के रूप में संस्कृत के साथ इंटरमीडिएट अथवा उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद से उत्तर मध्यमा परीक्षा उत्तीर्ण नहीं थे। इसके अलावा 36 अभ्यर्थियों के पास स्नातक में एक विषय के रूप में हिंदी नहीं होने के कारण उन्हें मुख्य परीक्षा से बाहर किया गया है। 282 अभ्यर्थियों के आवेदन इसलिए निरस्त हो गए क्योंकि सभी ने निर्धारित अंतिम तिथि तक ऑनलाइन आवेदन पत्र नहीं भरा था। अंतिम तिथि 24 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन पत्र की हार्डकॉपी लोक सेवा आयोग में जमा नहीं करने के कारण 60 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए गए हैं। 40 अभ्यर्थियों के कुशल/उत्कृष्ट खिलाड़ी होने संबंधित प्रमाणपत्र/ अभिलेख अमान्य होने जबकि 30 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र/अभिलेख प्रस्तुत न होने के कारण ऐसे 70 आवेदन निरस्त हुए हैं।