27 August 2026

जिले में 27 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद, भारी बारिश के चलते लिया गया फैसला

 

चंदौली। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी अत्यधिक भारी वर्षा के रेड अलर्ट को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने 25 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश में 27 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रखने के निर्देश दिए हैं।


आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था जनपद चंदौली के समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों पर लागू होगी। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और संपर्क मार्गों पर फिसलन की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।


शिक्षक विद्यालय में रहकर करेंगे विभागीय कार्य

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिक्षण कार्य बाधित रहने के बावजूद विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहेगा। शिक्षक एवं कर्मचारी विभागीय तथा आवश्यक ऑनलाइन कार्यों का निस्तारण करेंगे।


सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन को भी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों तक आदेश की सूचना पहुंचाने के लिए कहा गया है।


गौरतलब है कि चंदौली में लगातार बारिश के कारण इससे पहले भी कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित किया जा चुका है।