यूपी में अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक स्कूलों में प्रबंध समिति का चुनाव लटका कर प्राधिकारी नियंत्रक बने रहने का अधिकारियों का खेल खत्म होगा। यूपी के 36 एडेड स्कूलों के मामले में माध्यमिक शिक्षा निदेशक से रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द प्रबंध समिति का गठन के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा संदीप परमार की ओर से जिन एडेड स्कूलों की प्रबंध समिति के प्रकरण पर बैठक हुई थी और वहां जल्द प्रबंध समिति के गठन के निर्देश दिए गए थे, इस मामले में जवाब-तलब किया है। प्रबंध समिति में विवाद होने की स्थिति में मामला रजिस्ट्रार सोसाइटी, चिट्स एंड फंड के समक्ष जाता है। वहां मामले पर निर्णय न होने की स्थिति में संयुक्त शिक्षा निदेशक व डीआईओएस प्राधिकारी नियंत्रक के रूप में किसी क्लास-टू अफसर को नामित कर देते हैं।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक या किसी राजकीय कॉलेज के प्राचार्य को भी चार्ज दे दिया जाता है।
लखनऊ के आसपास इन कॉलेजों को नोटिस: लखनऊ का क्वींस एंग्लो संस्कृत कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रायबरेली, लाला राम कुमार कालेज अयोध्या, और श्री योगेश्वर ऋषिकुल इंटर कालेज लखनऊ।

