27 August 2026

छह माह में 60 हजार युवाओं को नौकरी देने की तैयारी तेज

छह माह में 60 हजार युवाओं को नौकरी देने की तैयारी तेज

प्रयागराज। शासन स्तर से युवाओं को रोजगार देने की गति बढ़ाने के निर्देश के बाद भर्ती आयोगों ने विभिन्न भर्तियों के परिणाम जारी करने और नई भर्ती के विज्ञापन निकालने की तैयारी तेज कर दी है। अगले छह माह में करीब 60 हजार युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से परीक्षा, परिणाम और भर्ती प्रक्रिया पर विशेष फोकस किया जा रहा है।


इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार को पीजीटी के चयनित 624 अभ्यर्थियों को संस्था आवंटित कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। वहीं यूपी लोक सेवा आयोग की ओर से भी कई महत्वपूर्ण भर्तियों के परिणाम जारी किए गए हैं।

शिक्षा विभाग में हजारों पदों पर भर्ती

शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से वर्ष 2022 की टीजीटी-पीजीटी भर्ती के 4,163 पदों और असिस्टेंट प्रोफेसर के 917 पदों समेत करीब पांच हजार अभ्यर्थियों का चयन परिणाम जारी किया जा चुका है। टीजीटी-पीजीटी के 21,252 पदों और असिस्टेंट प्रोफेसर के करीब दो हजार पदों के अधियाचन पर भी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

प्रधानाध्यापक के 2,643 पदों का भर्ती विज्ञापन सितंबर में जारी होने की उम्मीद है। बेसिक शिक्षा परिषद के नगर क्षेत्र में करीब 11 हजार पदों के अधियाचन का काम पूरा हो चुका है। अल्पसंख्यक संस्थानों में भी करीब 1,700 पदों के अधियाचन की प्रक्रिया चल रही है।

यूपीपीएससी से परिणाम और विज्ञापन की तैयारी

यूपी लोक सेवा आयोग की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक के 4,917 पदों का परिणाम सितंबर में जारी किए जाने की तैयारी है। पीसीएस-2025 के करीब 814 पदों का परिणाम अक्टूबर और राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,253 पदों का परिणाम दिसंबर तक आने की उम्मीद है।

आयोग की ओर से अगले छह माह में करीब 12 से 15 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। वहीं शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से करीब 42 हजार पदों पर विज्ञापन जारी किए जाने की तैयारी है।

नई भर्तियों के लिए भी बनेगा रास्ता

आयोगों की ओर से परिणाम जारी करने के साथ नई भर्तियों के विज्ञापन निकालने की तैयारी भी चल रही है। इससे आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार अधियाचन में मिली कमियों को दूर कर विज्ञापन जल्द जारी करने की कवायद की जा रही है।