27 August 2026

पांच हजार बेरोजगारों को सवा महीने में नौकरी देगा आयोग

 पांच हजार बेरोजगारों को सवा महीने में नौकरी देगा आयोग

 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग आने वाले डेढ़ महीनों में पांच हजार से अधिक बेरोजगारों को नौकरी देने जा रहा है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 17 अगस्त को लखनऊ में हुई बैठक में लोक सेवा आयोग के अधिकारियों ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी है। 30 सितंबर तक राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (प्रशिक्षित स्नातक या सहायक अध्यापक) भर्ती की मुख्य परीक्षा के कई विषयों के परिणाम घोषित होने जा रहा है।



एलटी ग्रेड वाणिज्य विषय के 58 पदों और संस्कृत के 188 पदों का परिणाम 30 अगस्त तक घोषित होगा। विज्ञान और गृह विज्ञान के 1791, गणित के 1240 पदों का परिणाम 15 सितंबर तक, जीव विज्ञान के 924 पदों का परिणाम 25 सितंबर तक जबकि हिन्दी के 716 कुल 4917 पदों का अंतिम परिणाम 30 सितंबर तक आएगा। राजकीय पॉलीटेक्निक में प्रधानाचार्य के 21 पदों का परिणाम सात सितंबर तक जारी होगा।


असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर चयन दिसंबर तक : राजकीय महाविद्यालयों में 28 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर चयन दिसंबर तक पूरा होगा। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम इसी महीने के अंत तक संभावित है। मुख्य परीक्षा 15 सितंबर से एक अक्तूबर के बीच होगी जिसका अंतिम परिणाम दिसंबर अंत तक घोषित किया जाएगा।


पीसीएस 2025 मेंस का परिणाम आठ अक्तूबर तक


लोक सेवा आयोग पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा का परिणाम आठ अक्तूबर तक घोषित करेगा। 814 पदों के लिए 29 मार्च से एक अप्रैल तक हुई मुख्य परीक्षा में 11,403 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। वहीं सहायक वन संरक्षक/ क्षेत्रीय वन अधिकारी भर्ती 2025 के 106 पदों की मुख्य परीक्षा का परिणाम 30 नवंबर तक जारी होगा। सहायक अभियोजन अधिकारी 2025 के 182 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा का परिणाम भी 30 नवंबर तक जारी हो जाएगा। आठ पदों पर हो रही सहायक नगर नियोजक भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 15 सितंबर तक जारी होगा।