शिक्षा के गिरते स्तर और परिषदीय स्कूलों को बंद किए जाने के मुद्दे पर विधान परिषद में मंगलवार को पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई।
मुख्य विपक्षी दल सपा ने आरोप लगाया कि स्कूल बंद करके सरकार शोषित, वंचित वर्ग के छात्रों को शिक्षा से वंचित करने का षड्यंत्र कर रही है। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि विपक्ष सदन में गलत तथ्य पेश करके जनता को भ्रमित कर भड़काने की कोशिश कर रहा है। प्रदेश में कोई स्कूल बंद नहीं हुआ है। बहस के दौरान सरकार के जवाब से असंतुष्ट सपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। शून्यकाल में सपा ने कार्यस्थगन के तहत शिक्षा के गिरते स्तर का मुद्दा उठाया। मान सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में 26,326 स्कूल बंद कर दिए गए और 28.32 लाख बच्चे कम हो गए। नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि सरकार शिक्षा को व्यवसाय की तरफ ले जा रही है। जवाब में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने सदन में विपक्ष की ओर से गलत तथ्य पेश किए जाने का आरोप लगाया।

