05 August 2026

राज्य अध्यापक पुरस्कार की सूची पर विवाद: चयनित शिक्षक पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई के आरोप, CDO को सौंपी गई जांच

 

राज्य अध्यापक पुरस्कार की सूची पर विवाद: चयनित शिक्षक पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई के आरोप, CDO को सौंपी गई जांच

कन्नौज। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से भेजे गए शिक्षकों के नामों की सूची विवादों में आ गई है। पुरस्कार के लिए चयनित तीन परिषदीय शिक्षकों में कंपोजिट विद्यालय गुगरापुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेंद्र कुमार सक्सेना का नाम शामिल किए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।

मामले में यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित शिक्षक के सेवा अभिलेखों में निलंबन और विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए उनके नाम की संस्तुति किए जाने का आरोप लगाया गया है।

डीएम ने CDO को सौंपी जांच

शिकायत सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसकी निष्पक्ष जांच मुख्य विकास अधिकारी (CDO) राजेंद्र कुमार श्रीवास को सौंप दी है। जांच में पुरस्कार के लिए की गई संस्तुति के साथ संबंधित शिक्षक के सेवा अभिलेखों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

आरोप सही मिले तो सूची से हट सकता है नाम

सूत्रों के मुताबिक, जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाने की स्थिति में संबंधित शिक्षक का नाम राज्य अध्यापक पुरस्कार की सूची से हटाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में शासन को शेष दो शिक्षकों के नाम भेजे जाने की संभावना है। साथ ही नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।

मामले की जांच शुरू होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ गई है। CDO के अनुसार पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।

फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोप जांच के अधीन हैं और अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट तथा प्रशासन के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।