05 August 2026

फैसला : आयोग की परीक्षा में हर कमरे में लगेगा जैमर

 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अपनी भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए हाईटेक इंतजाम करने जा रहा है। अब आयोग की परीक्षाओं में प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सिग्नल जैमर लगाए जाएंगे, ताकि मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए किसी भी प्रकार की नकल या बाहरी संपर्क की संभावना पूरी तरह समाप्त की जा सके। यह जानकारी मंगलवार को आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने दी।



उन्होंने बताया कि अभी परीक्षा केंद्रों पर थर्मल स्कैनर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाती रही है। नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कक्ष में जैमर लगेगा। आयोग अभ्यर्थियों के सत्यापन को भी और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था काफी पहले लागू कर दी गई थी, अब हरियाणा लोक सेवा आयोग की तर्ज पर अभ्यर्थियों के पंजीकरण को आधार से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने और चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।


सचिव ने बताया कि अब विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी तरह ऑनलाइन की जाएगी। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन डिजिटल माध्यम से होगा, जिससे समय की बचत के साथ मानवीय त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। ऑनलाइन स्क्रूटनी व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया अधिक दक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी तथा अभ्यर्थियों को भी सहूलियत होगी।