01 September 2026

शिक्षा निदेशालय के भवन के जीर्णोद्धार के निर्देश

 

प्रयागराज। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सोमवार को शिक्षा निदेशालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निदेशालय की दो-दो करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से होने वाली लाल और हरी बिल्डिंग की मरम्मत की स्टेटस रिपोर्ट मांगी।

उन्होंने जर्जर हो चुके मुख्य भवन के जीर्णोद्धार के लिए राजकीय निर्माण निगम या आवास विकास परिषद से प्रस्ताव बनवाकर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में उच्च स्तरीय शौचालय और पेयजल सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने शिक्षा निदेशालय के विभिन्न अनुभागों में जाकर प्रशासनिक अधिकारियों, पटल सहायकों आदि से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने हाईकोर्ट से जुड़े मामलों, शासन के पत्रों तथा वित्त संबंधी संस्तुतियों का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

ई-ऑफिस व्यवस्था में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में ई-ऑफिस का काम तेजी से आगे बढ़ाने के लिए यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स और यूपी डेस्को आदि संस्थाओं से समन्वय करने को कहा गया। इसके अलावा प्रोजेक्ट अलंकार की समीक्षा तथा नए कार्यों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।

अपर मुख्य सचिव ने राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति का कार्य 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर शिक्षा निदेशक कामता राम पाल, अजय कुमार द्विवेदी, मनोज कुमार द्विवेदी, सीएल चौरसिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।