01 September 2026

बीसी सखियों को कैशलेस इलाज मिलेगा


लखनऊ। राज्य सरकार यूपी की बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) सखियों को भी पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने जा रही है। यूपी में मौजूदा समय इनकी संख्या करीब 40 हजार है। इसके साथ ही लखपति दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण पाने वालों को भी आयुष्मान कार्ड देने की तैयारी है। उच्चाधिकारियों की बैठक में इस पर विचार-विमर्श हो चुका है। इस संबंध में जल्द ही प्रस्ताव पास कराते हुए लाभ देने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।



ग्राम्य विकास विभाग ने घरों में बैठी महिलाओं को काम देने के लिए बीसी सखी के साथ ही समूह बनाते हुए महिलाओं को काम दिया गया है। करीब 40 हजार महिलाएं सक्रिय रूप से बीसी सखी के रूप में काम कर रही हैं। ये महिलाएं गांव-गांव में बैंकिंग सेवाएं दे रही हैं। औसतन एक बीसी सखी 10 से 15 हजार रुपये माह कमा रही है। सरकार अब इन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा देकर इनकी सामाजिक सुरक्षा भी पक्की कर रही है। इन महिलाओं को बैंकों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य में उनके रोजगार में और इजाफा हो सके। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह की दीदियों तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड की सुविधा देने की भी तैयारी है। यूपी में लखपति दीदियों की संख्या करीब 18.55 लाख के आसपास बताई जा रही है।


ये भी पढ़ें - शिक्षिका को जबरन सुनसान जगह ले जाकर की अश्लील हरकतें

ये भी पढ़ें - प्रधानाचार्य समेत स्कूल स्टाफ की अनुपस्थिति की जांच के आदेश

ये भी पढ़ें - शिक्षकों ने भेजे पोस्टकार्ड, मृत्यु पर विशेष अवकाश की मांग