जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू, अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को अलीगंज स्थित कार्यालय में जनगणना अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों से आए एडीएम और अपर नगर आयुक्तों के साथ जनगणना के दूसरे चरण में होने वाली प्रक्रिया और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
2027 में शुरू होगी दूसरे चरण की प्रक्रिया
जनगणना का पहला चरण प्रदेश में पूरा हो चुका है। पहले चरण में मकानों की गणना के साथ मकान सूचीकरण की प्रक्रिया भी कराई गई थी। अब जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार दूसरे चरण की प्रक्रिया फरवरी 2027 से शुरू होगी। इस चरण में करीब एक महीने तक आबादी की गणना की जाएगी।
प्रत्येक व्यक्ति की होगी जातीय जनगणना
दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना के साथ जातीय जनगणना भी की जानी है। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से जाति संबंधी प्रारूप और दिशा-निर्देश प्रदेश को भेजे जा चुके हैं।
बैठक में अधिकारियों को दूसरे चरण की तैयारियों, जिम्मेदारियों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जनगणना 2027 को लेकर प्रदेश में प्रशासनिक तैयारियां अब तेज हो गई हैं। आने वाले समय में जिला स्तर पर भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

