01 September 2026

शिक्षिका को जबरन सुनसान जगह ले जाकर की अश्लील हरकतें

 पुवायां। शिक्षिका को जबरन सुनसान स्थान पर ले जाकर युवक ने अश्लील हरकतें की और कॉल करने का प्रयास करने पर मोबाइल फोन छीन लिया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।



नगर के एक मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवती ने बताया कि वह एक कंप्यूटर सेंटर में पढ़ती और पढ़ाती हैं। 29 अगस्त को वह सेंटर गईं तो अवकाश था। घर आते समय रास्ते में कसबे का ही अशोक शर्मा मिला। अशोक शर्मा ने घर छोड़ देने की बात कही तो वह उसकी स्कूटी पर बैठ गईं। अशोक स्कूटी को घर की ओर न ले जाकर ढकिया रोड हाईवे के पास एक सुनसान जगह पर ले गया, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।



अशोक ने उससे सुनसान जगह पर अश्लील हरकतें की। उन्होंने पिता को कॉल करने के लिए मोबाइल फोन निकाला तो अशोक ने उसे छीन लिया और कहा कि कहीं बताने पर बेइज्जती होगी। शोर मचाने पर मोबाइल फोन वापस कर दिया और स्कूटी से कसबे में छोड़ गया। जाते समय अशोक शर्मा ने धमकी दी कि कहीं शिकायत करने पर उसके साथ ही पूरे परिवार को जान से मार देगा। अशोक की धमकी से वह बेहद डरी हुई है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।