19 September 2026

यूपी में नीट यूजी की काउंसिलिंग निरस्त, दोबारा होगी, संशोधित समय सारणी जारी की गई

 

यूपी में नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस कोर्सों में प्रवेश के लिए कराई गई पहले चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग निरस्त कर दी गई है। अब इसे दोबारा कराया जाएगा।



पहले चरण की काउंसिलिंग में मेडिकल कॉलेज का अलॉटमेंट पाने वाले अभ्यर्थियों को इससे झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के 16 सितंबर को जारी आदेश के अनुपालन में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने पहले चरण की काउंसिलिंग की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है।


संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन च्वाइस भरने की प्रक्रिया शुक्रवार शाम 5 बजे से शुरू हो गई, जो 21 सितंबर को शाम 5 बजे तक चलेगी। 22 सितंबर को सीट आवंटन घोषित किया जाएगा। सीट पाने वाले अभ्यर्थी 23 से 26 सितंबर के बीच आवंटन पत्र डाउनलोड कर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।


सात सितंबर का सीट आवंटन अमान्य : महानिदेशालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सात सितंबर के सीट आवंटन को अमान्य माना जाएगा। इसमें आवंटन पाने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित प्रथम चरण की काउंसिलिंग में निर्धारित अवधि में फिर से च्वाइस भरने के साथ लॉक करनी होगी। नई काउंसिलिंग में च्वाइस फिलिंग प्रथम चरण के लिए पहले से जारी मेरिट सूची के आधार पर होगी।


 

सख्ती : परीक्षा की सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट की नजर


नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। शीर्ष अदालत ने नीट पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। इस मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि वह खुद एनटीए मुख्यालय का दौरा करेंगे। वहां परीक्षा के लिए तैयार नई और उन्नत सुविधाओं का जायजा लेंगे।


जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ ने यह टिप्पणी तब की, जब केंद्र और एनटीए की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि कामकाज के तरीके में बदलाव किया गया है।