प्रयागराज। नगर क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11508 सहायक अध्यापक भर्ती में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ भी खेल हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों को तो क्षैतिज आरक्षण मिला है जबकि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए अनुमन्य दो प्रतिशत आरक्षण का कोई जिक्र नहीं है।
प्रदेश सरकार ने सात जनवरी 2022 को हुई कैबिनेट बैठक में समूह ग के पदों पर भर्ती में खिलाड़ियों को दो प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया था। इसके लिए बकायदा यूपी सरकारी विभाग (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की समूह ग के पदों पर सीधी भर्ती) नियमावली 2022 को मंजूरी दी गई थी। उससे पहले तक खिलाड़ियों के आरक्षण का प्रावधान नहीं था। ओलंपिक, विश्वकप, वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियाई खेल, एशियाई पैरा खेल, कॉमनवेल्थ खेल, एशियाई चैंपियनशिप, दक्षिण एशियाई खेल, युवा ओलंपिक खेल, कॉमनवेल्थ युवा खेल, राष्ट्रीय खेल एवं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक पाने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की भी व्यवस्था की गई थी।
इसी फैसले के आधार पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 28 जुलाई 2025 को शुरू हुई राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक) के 7466 पदों पर भर्ती के विज्ञापन में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए दो प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया था।
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लगाया आरक्षण
नगर क्षेत्र में 11508 शिक्षकों की भर्ती के लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने जिलेवार पदों का ब्योरा तो भेजा था लेकिन आरक्षण के कॉलम में शून्य-शून्य लिखकर भेज दिया था। लिहाजा चयन आयोग ने रिक्त पदों के सापेक्ष वर्तमान व्यवस्था के अनुरूप पद आरक्षित कर दिए। चयन आयोग के विशेषज्ञों को उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए दो प्रतिशत आरक्षण के कैबिनेट फैसले की जानकारी ही नहीं थी और न ही उनके पास उसका कोई शासनादेश था। इसी के चलते विज्ञापन में इतनी बड़ी चूक हो गई। नियमत: बेसिक शिक्षा विभाग को ही आरक्षण के साथ पदों का ब्योरा भेजना था। यदि ऐसा होता तो शायद इतनी बड़ी गलती नहीं होती। वहीं राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का जो विज्ञापन माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से लोक सेवा आयोग को भेजा गया था उसमें ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों के आरक्षण का प्रावधान कर दिया गया था। इसीलिए लोक सेवा आयोग के विज्ञापन में खिलाड़ियों को आरक्षण का लाभ मिल गया।
खिलाड़ियों को 230 सीटों तक का मिलता लाभ
11508 शिक्षक भर्ती में खिलाड़ियों के लिए दो प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लगाते तो उन्हें 230 सीटों तक का लाभ मिलता। हालांकि एक चूक के कारण कैबिनेट निर्णय के बावजूद खिलाड़ियों को उनके हक से वंचित कर दिया गया।
.jpeg)
