यूपी की सियासत में बेहद अहम स्थान रखने वाले और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के राजनीतिक घराने में इस साल दीपावली के बाद शहनाई गूंजेगी। कल्याण सिंह के पौत्र और प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह आगामी नवंबर माह में विवाह के बंधन में बंधेंगे। उनकी शादी की तारीख फाइनल हो गई है। साथ ही उनके छोटे भाई को भी दुल्हनिया मिलने वाली है। संदीप सिंह के भाई सौरभ सिंह वर्मा की 14 नवंबर को अलीगढ़ में सगाई होगी। सौरभ सिंह अखिले भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
एक ही परिवार में दोनों भाइयों की शादी और सगाई को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वीवीआईपी वैवाहिक कार्यक्रम में न सिर्फ एक, बल्कि दो दूल्हे एक साथ घोड़ी पर सवार होंगे, जिससे परिवार की खुशियां दोगुनी होने जा रही हैं। शादी समारोह को लेकर अलीगढ़ स्थित राज पैलेस में रंगाई-पुताई, मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शादी के दो तीन दिन बाद लखनऊ में भव्य रिसेप्शन भी आयोजित किया जाएगा। एक रिसेप्शन कार्यक्रम में दिल्ली भी आयोजित होगा। सूत्रों की मानें तो शहर की इस वीआईपी की शादी में आने के लिए वीआईपी मेहमानों को फोन पर निमंत्रण भी भेजना शुरू हो गया है।
27 नवंबर को दिल्ली के होटल में होगी शादी
मंत्री संदीप सिंह की दिल्ली के फाइल स्टोर होटल में 27 नवंबर को शादी होगी। जबकि कुछ पारंपरिक रस्में और एक भव्य समारोह अलीगढ़ में भी संपन्न होगा। हालांकि, इस बेहद निजी विषय पर अभी संदीप सिंह का परिवार आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन अंदरखाने तैयारियां तेजी से शुरू हो चुकी हैं। शादी के लिए कैटरर्स बुक कर दिए गए हैं और देश-प्रदेश के वीवीआईपी मेहमानों की लिस्ट तैयार की जा रही है। शादी की ड्रेस से लेकर अन्य भव्य कार्यक्रमों को विशेष रूप देने के लिए वेडिंग प्लानर से संपर्क किया जा चुका है। अलीगढ़ में होने वाले समारोह में प्रदेश भर की दिग्गज राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी, वहीं दिल्ली के मुख्य आयोजन में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व और बड़े औद्योगिक घरानों के जुटने की उम्मीद है।
पीएम मोदी से लेकर कई मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण
अलीगढ़ की शाही शादी समारोह में कई वीआईपी गेस्ट शामिल होंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत कई भाजपा के दिग्गज नेता शामिल होंगे।

