19 September 2026

एलटी ग्रेड विज्ञान के 1,343 पदों में 1,214 रह गए खाली

 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक या एलटी ग्रेड) के विज्ञान विषय का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। पुरुष व महिला शाखा के कुल 1343 पदों में 129 पदों पर चयन हुआ है। सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण 1214 पद खाली रह गए हैं। सात दिसंबर को आयोजित विज्ञान विषय की प्रारंभिक परीक्षा में 49538 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे।



प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 329 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था। 16 मई को आयोजित मुख्य परीक्षा के आधार पर पुरुष शाखा की कुल 764 रिक्तियों के सापेक्ष 104 और महिला शाखा की 573 पदों के सापेक्ष 25 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है। पुरुष व महिला शाखा की विभिन्न श्रेणियों की अवशेष क्रमश: 660 व 548 रिक्तियों के सापेक्ष उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण सीटें खाली रह गई हैं, जिन्हें अग्रेनीत कर दिया गया है। संकेत मूक बधिर विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय एवं प्रयास शारीरिक रूप से अक्षम विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के लिए एलटी ग्रेड/विशिष्ट अध्यापक के क्रमश: चार एवं दो पदों के सापेक्ष कोई भी अर्ह अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण सभी छह सीटें अनभरी रह गई हैं। वहीं स्पर्श दृष्टिबाधित विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय में एलटी ग्रेड/विशिष्ट अध्यापक के दस पदों की मुख्य परीक्षा के लिए द्वितीय प्रश्नपत्र का आयोजन होना अभी बाकी है।