प्रयागराज। डीएलएड 2023 बैच के प्रशिक्षुओं ने चतुर्थ सेमेस्टर की स्पेशल बैक परीक्षा का परिणाम 25 अक्तूबर तक घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सचिव राजेन्द्र प्रताप से छात्रनेताओं रजत सिंह और पंकज पांडेय ने वार्ता कर 11508 शिक्षक भर्ती के मद्देरजर जल्द परिणाम देने का अनुरोध किया।
प्रशिक्षुओं का कहना है कि डीएलएड 2023 बैच का सत्र पूरे एक वर्ष के विलंब से चल रहा है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय की है। डीएलएड की स्पेशल बैक परीक्षा के लिए समयसारिणी तो जारी कर दी गई है लेकिन अभ्यर्थियों के भर्ती में शामिल होने के लिए समय से परिणाम जारी होना बहुत जरूरी है। यही नहीं शिक्षा सेवा चयन आयोग के सचिव से समन्वय स्थापित करते हुए इन अभ्यर्थियों के लिए दो-तीन दिन और पोर्टल खोलने की व्यवस्था करवाएं ताकि सभी अर्ह अभ्यर्थी आवेदन कर सकें। गौरतलब है कि 31 जुलाई को घोषित परिणाम में डीएलएड 2023 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर में 73883, 2022 बैच के 5182, 2021 बैच के 2996, 2019 के 63 व 2018 बैच के 50 प्रशिक्षु फेल थे।

