सैदाबाद, हंडिया थाना क्षेत्र के बंगहा रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को हाईवे किनारे बाइक से स्टंट कर रहे युवक को देखने के लिए जुटे लोग हादसे का शिकार हो गए। वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर बाइक खड़ी कर स्टंट देख रहे लोगों से टकरा गई। हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई जबकि स्टंट कर रहे युवक समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
भदोही जिले के ओझापुर निवासी 22 वर्षीय आशीष जायसवाल बंगहा क्रॉसिंग के पास हाईवे पर बाइक से स्टंट कर रहा था। हाईवे किनारे युवक को स्टंट करते देखने के लिए कई बाइक सवार वहां रुक गए थे। इसी दौरान एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और स्टंट कर रहे युवक समेत वहां स्टंट देख रहे लोगो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्टंट कर रहे आशीष जायसवाल सहित स्टंट देख रहे सिकरारा, जौनपुर निवासी 55 वर्षीय संजय सिंह उनके साथ बाइक पर सवार प्रदीप मिश्र तथा डिघरी, हंडिया निवासी संजय सिंह उर्फ दीपू पुत्र गुणराज सिंह घायल हो गए। सूचना पर हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी सैदाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने 55 वर्षीय संजय सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पताल भेजा गया। मृतक संजय सिंह भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय खेमापुर में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

