यूपी बोर्ड ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा से 245 स्कूलों को डिबार कर दिया है। इनमें से 36 स्कूल ऐसे हैं जिन्हें 2026 की बोर्ड परीक्षा के दौरान गड़बड़ी के कारण डिबार किया गया है, जबकि 209 स्कूल पूर्व के वर्षों में डिबार किए गए थे। इन 209 स्कूलों में कई आजीवन डिबार हैं। पिछले साल बोर्ड ने 254 स्कूलों को डिबार करते हुए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया से बाहर कर दिया था।
ये भी पढ़ें - UP Voter List Update: वोटर लिस्ट में नाम समान होने से नहीं मानी जाएगी डुप्लीकेट एंट्री, CEO यूपी ने दी अहम जानकारी
डिबार करने के पीछे कई कारण हैं। मुख्य रूप से अनर्ह छात्रों के आवेदन पत्र और हाईस्कूल-इंटरमीडिएट व्यक्तिगत परीक्षा के कूटरचित आवेदन पत्र अग्रसारित करने, गलत प्रश्नपत्र वितरित करने, बोर्ड परीक्षा में परीक्षा केन्द्र पर मिली अनियमितता और परीक्षा केन्द्र पर जानबूझकर छद्म (फर्जी) परीक्षार्थियों के सम्मिलित कराने के आरोप हैं। इसके अलावा एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किए गए राजस्व लेखपाल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल माफियाओं के मोबाइल डाटा विश्लेषण पर परीक्षा समिति ने कई स्कूलों को आजीवन डिबार किया है।
5726 परीक्षा केंद्र बनाए गए, प्रयागराज में सर्वाधिक
प्रयागराज। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए यूपी बोर्ड ने ऑनलाइन माध्यम से 7526 केंद्र बनाए हैं। इनमें 862 राजकीय, 3276 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 3388 वित्तविहीन स्कूल शामिल हैं। पिछले साल की तुलना में बोर्ड से निर्धारित परीक्षा केंद्रों की संख्या में वृद्धि हुई है। 2026 की परीक्षा के लिए यूपी बोर्ड ने ऑनलाइन माध्यम से 7448, 2025 में 7657 और 2024 में 7864 केंद्र बनाए थे। हालांकि आपत्तियां निस्तारण के बाद जनपदीय समिति से अनुमोदित सूची में केंद्रों की संख्या पिछले सालों की तरह बढ़ना तय है। बोर्ड सचिव भगवती सिंह के अनुसार तहसील स्तरीय समिति से प्रमाणित विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर चयनित परीक्षा केन्द्रों (छात्र आवंटन सहित) की सूची सार्वजनिक करते हुए डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केन्द्र निर्धारण समिति के परीक्षण तथा अनुमोदन के लिए वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। कोई आपत्ति/शिकायत हो तो विद्यालय के छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक समुचित साक्ष्य सहित जनपदीय केन्द्र निर्धारण समिति के समक्ष निर्धारित प्रारूप पर अपना ऑनलाइन प्रत्यावेदन यूपी बोर्ड के पोर्टल पर 28 अक्तूबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं। बोर्ड की केन्द्र निर्धारण समिति इन आपत्तियों का निस्तारण करते हुए 27 नवंबर तक अंतिम सूची अपलोड करेगी। यूपी बोर्ड की ओर से जारी ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों की सूची में सर्वाधिक 269 केंद्र प्रयागराज के हैं। पिछले साल प्रयागराज में 258 केंद्र बनाए गए थे। दूसरे नंबर पर आजमगढ़ में 232 केंद्र हैं।
सैकड़ों स्कूलों को किया गया प्रतिबंधित
बोर्ड ने ऐसे सैकड़ों स्कूलों को प्रतिबंधित किया है जो हर साल केंद्र तो बनते हैं लेकिन अवस्थापना सुविधाओं या अन्य कारणों से जिले स्तर पर उन्हें काट दिया जाता है। इनमें बड़ी संख्या में राजकीय माध्यमिक विद्यालय भी शामिल हैं। बोर्ड ने केंद्र निर्धारण से पहले ही इन्हें प्रतिबंधित कर दिया था।

