उत्तर प्रदेश के आगरा की आवास विकास कालोनी सेक्टर तीन (जगदीशपुरा) स्थित कोचिंग में शिक्षक ओपी यादव हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। पूर्व छात्रा के प्रेमी निखिल को पुलिस ने जेल भेजा। शिक्षक की स्कूटी, हेलमेट, हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सनी हत्यारोपी की शर्ट बरामद की गई है। हत्यारेापी को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। उसका कहना था कि उसने देर कर दी। पता नहीं शिक्षक ने कितनी छात्राओं का शोषण किया होगा। वह तो सिर्फ इतना चाहता था कि शिक्षक उसकी प्रेमिका पीछा छोड़ दे। मानने को तैयार नहीं था।
दो नवंबर को सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा में संचालित कोचिंग में शिक्षक ओपी यादव की बेरहमी से हत्या हुई थी। क्लासरूम में लगे वाइट बोर्ड पर मार्कर से ओपी यादव रेपिस्ट लिखा मिला था। पुलिस को हत्या की जानकारी वारदात के चार दिन बाद छह नवंबर को हुई थी। शिक्षक की स्कूटी, मोबाइल और हेलमेट गायब मिला था।
डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को पहले दिन ही शक था कि हत्या किसी युवती की वजह से हुई है। पुलिस ने शिक्षक ओपी यादव का रिकार्ड खंगालना शुरू किया। कोचिंग में आने वाले लड़के-लड़कियों से बातचीत की गई। कॉल डिटेल निकलवाई गई। शिक्षक की जितने भी लोगों से बातचीत होती थी उन सभी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस को छानबीन के दौरान जगदीशपुरा निवासी एक युवती का नंबर मिला। शिक्षक की उससे भी बातचीत होती थी। उसे पूछताछ को बुलाया । युवती ने बताया कि वह शिक्षक को बड़े पापा बोलती थी।
शुरू में उसने उनके बारे में कुछ नहीं बताया। बाद में जानकारी दी कि उनकी आदतें ठीक नहीं थी। उसे भी ब्लैकमेल करते थे। युवती को खुद यह नहीं पता था कि उसके प्रेमी ने वारदात की है। पुलिस ने युवती की कॉल डिटेल निकाली। उसके प्रेमी का नंबर हासिल किया। उसकी घटना के दिन की लोकेशन निकाली। प्रेमी शातिर है। पुलिस से बचने को उसने दो नवंबर की दोपहर को ही मोबाइल बंद कर दिया था। इससे पुलिस शक और गहराया। पुलिस घर पहुंची। जानकारी हुई कि प्रकाश नगर, शाहगंज निवासी निखिल दो नवंबर से घर नहीं आया है। पुलिस पीछे लग गई। परिचितों के घर दबिश दी। बड़ी मुश्किल से निखिल को पकड़ा।
बैग में चाकू और कपड़े लेकर पहुंचा था
निखिल दो नवंबर को घर से मटन काटने वाला चाकू और कपड़े बैग में रखकर निकला था। रेकी के बाद उसे पता चला कि शाम को शिक्षक कोचिंग में अकेले रहते हैं। शाम करीब साढ़े छह बजे वह ऑटो से कोचिंग पहुंचा। वहां विवाद के बाद उसने शिक्षक पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में स्कूटी लेकर भागा और बिचपुरी में उसे छोड़कर कपड़े बदले।
