दशमोत्तर छात्रवृत्ति: वंचित छात्रों के लिए पोर्टल फिर खुला, नई समय-सारिणी जारी
प्रयागराज। शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अनुसूचित जाति एवं सामान्य वर्ग के वंचित छात्रों को शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल फिर से खोल दिया गया है। इसके साथ ही आवेदन एवं सत्यापन के लिए संशोधित समय-सारिणी भी जारी की गई है।
ये भी पढ़ें - Government Jobs 2026: वायुसेना, रेलवे, बैंक और सुप्रीम कोर्ट समेत 11 विभागों में 3,500+ पदों पर भर्ती
ये भी पढ़ें - कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षिका एवं रसोइया सहित विभिन्न पदों पर भर्ती, मेरिट कटऑफ जारी
वंचित छात्रों को मिलेगा आवेदन का एक और मौका
जारी जानकारी के अनुसार, यह कदम उन छात्रों के लिए उठाया गया है जिनके आवेदन शिक्षण संस्थानों से अग्रसारित नहीं हो पाए थे। इसके अलावा कई छात्रों के आवेदन पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) से रिजेक्ट हो जाने के कारण उन्हें छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं मिल पाया था।
अब ऐसे वंचित छात्रों को योजना का लाभ दिलाने के लिए पोर्टल दोबारा खोला गया है।
संदिग्ध डाटा पर समिति लेगी निर्णय
छात्रों का डाटा अप्रमाणित होने से रोकने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। विश्वविद्यालय स्तर पर छात्रों के डाटा का सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों और एफिलिएटिंग एजेंसियों को शत-प्रतिशत डाटा सत्यापित अथवा निरस्त करने को कहा है।
22 नवंबर तक पूरा करना होगा सत्यापन
संशोधित समय-सारिणी के अनुसार विश्वविद्यालय या एफिलिएटिंग एजेंसी को वास्तविक छात्रों का सत्यापन करना होगा। यह प्रक्रिया बुधवार यानी 22 नवंबर तक पूरी की जानी है।
वहीं, जनपदीय छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति संदिग्ध डाटा के संबंध में निर्णय लेगी। इससे पात्र एवं वंचित छात्रों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।

