हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

29 November 2021

पेपर आउट भाजपा सरकार की पहचान


पेपर आउट भाजपा सरकार की पहचान

कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा है कि भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। पेपर आउट होने की वजह से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया। हर बार पेपर आउट होने पर सरकार ने बड़ी मछलियों को बचाया है।


इसलिए भ्रष्टाचार चरम पर है।

टीईटी का पेपर लीक होने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझ कर हर प्रतियोगी परीक्षा के पेपर लीक करा रही है ताकि युवाओं को नौकरी न देनी पड़े। पट्टी के रामकोला गांव में रविवार को एक शादी समारोह में आए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक करने वालों का पूरा संबंध भाजपा से है।

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा।

कहा कि बाबा ने लैपटॉप देने को कहा था। साढे़ चार साल हो गए लेकिन अब तक किसी को नहीं मिला। लैपटॉप इसलिए नहीं मिला क्योंकि बाबा इसे चलाना नहीं जानते जबकि सपा सरकार में दिए गए लैपटॉप अब भी चल रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने और 15 लाख रुपये खाते में आने की बात कहने वाले भाजपाई अब जीप चढ़ाकर किसानों की हत्या कर रहे हैं।

अखिलेश ने आगे कहा कि अंग्रेजों ने जलियांवाला बाग में सामने से गोली चलाई थी और इस सरकार में शामिल लोग पीछे से हत्या कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सपा के लोग अन्याय करने वालों को चिह्नित कर लें। अन्याय करने वाले कुछ लोग आज सपा का चक्कर लगाने लगे हैं क्योंकि हवा सपा के पक्ष में है। ऐसे लोगों को कोई मौका नहीं मिलेगा। कार्यकर्ता वोटर लिस्ट भी चेक कर लें।

इस चुनाव में हटाना है ‘बुल’ और ‘बुल्डोजर’

अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार चुनाव में ‘बुल’ (सांड़) और बुल्डोजर दोनों समस्या हटानी है। उन्होंने कहा कि आज जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। प्रतापगढ़ के व्यापारी ने लखनऊ जाकर जनता दरबार में मुख्यमंत्री से सुरक्षा मांगी और घर लौटने पर उसकी हत्या हो गई। मुख्यमंत्री के जिले में एक व्यापारी होटल में ठहरा था। वहां पुलिस ने उसे पीटकर मार डाला। प्रयागराज में दलित परिवार कई महीने से रास्ते की मांग कर रहा था। उसे कहीं न्याय नहीं मिला। उस परिवार की हत्या की दोषी भाजपा सरकार है।

दोषियों को सजा दिलाए सरकार

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार टीईटी पेपर लीक मामले को पूरी गंभीरता से लेकर इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए और दोषियों को सजा दिलाएं। सख्त कानूनी सजा सुनिश्चित करे।जल्द ही इस परीक्षा को सुचारू रूप से कराने की पुख्ता व्यवस्था की जाए।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more