UpdateMarts•Com
Follow Channel

07 February 2022

100 नए सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए ई-काउंसलिंग की तैयारी


नई दिल्ली । सैनिक स्कूल सोसायटी (एसएसएस) 100 नए सैनिक स्कूलों में प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थियों को आनलाइन परामर्श प्रदान करने के लिए एक स्वचालित प्रणाली विकसित कर रही है। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि ई काउंसलिंग के लिए स्वचालित प्रणाली दाखिले की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी।


मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश भर में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने के सरकार के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ते हुए सैनिक स्कूल सोसायटी (एसएसएस) ई-काउंसलिंग के संचालन के लिए एक स्वचालित प्रणाली विकसित कर रही है।


दाखिले की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित होगी
मंत्रालय ने कहा कि यह प्रणाली कम खर्चीली और सभी हितधारकों स्कूलों और छात्रों के लिए सुविधाजनक होगी। यह प्रणाली राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप स्थापित किए जा रहे नए स्कूलों पर लागू होगी। इसके तहत विद्यार्थियों को सैनिक स्कूल के पाठ्यक्रम के अनुपालन के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे दाखिले की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।


इन लिंक के माध्यम से किया जा सकता है आवेदन
सैनिक स्कूल सोसायटी ई काउंसलिंग के लिए आवेदन करने के संबंध में प्रचार प्रसार करेगी। विद्यार्थियों को वेबपोर्टल पर उपलब्ध लिंक http://www.Sainikschool.Ncog.Gov.In  www.Sainikschool.Ncog.Gov के माध्यम से आवेदन करने को कहा जाएगा। छात्रों के पास 10 स्कूलों का चयन करने का विकल्प होगा। इसके बाद छात्रों को स्कूलों का आवंटन उनकी रैंक और स्कूलों की पसंद के आधार पर सिस्टम द्वारा किया जाएगा। परिणाम की घोषणा ई काउंसलिंग पोर्टल पर की जाएगी।



इस पूरी प्रक्रिया की होगी रियल टाइम निगरानी
बता दें कि ई-काउंसलिंग के लिए यह स्वचालित प्रणाली प्रवेश प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी। यह सभी हितधारकों- स्कूलों, छात्रों और प्रशासनिक प्राधिकरण के लिए कम खर्चीला और उपयोगकर्ता के अनुकूल होगा। यह पूरी प्रक्रिया की रीयल-टाइम निगरानी और प्रत्येक चरण में आवश्यक कार्रवाई के लिए भी पहुंच प्रदान करेगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more