UpdateMarts•Com
Follow Channel

07 February 2022

यूपी: विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम बदला


यूपी विधान परिषद चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब इन चुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा जबकि परिणाम 12 अप्रैल को आएगा। चुनाव के लिए 15 मार्च को नामांकन किया जाएगा।


दरअसल, इन चुनाव के समय को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। पहले जारी की गई अधिसूचना के आधार पर विधान परिषद चुनाव के लिए 3 और 7 मार्च को मतदान होना था जबकि 12 मार्च को मतगणना तय की गई थी पर अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है जिसके बाद विधानसभा चुनाव के परिणाम 10 मार्च को आने के बाद विधान परिषद चुनाव होंगे।

शनिवार को यूपी विधान परिषद के स्थानीय निकाय प्राधिकारी क्षेत्रों के चुनाव में प्रेक्षक नियुक्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से भेजी गई आईएएस अधिकारियों की सूची को केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने नामंजूर कर दिया है। आयोग ने राज्य सरकार को 50 अफसरों की नई सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने एक फरवरी को अफसरों का पैनल आयोग को भेजा था।

सूत्रों ने बताया कि आयोग ने राज्य सरकार की सूची को अस्वीकार कर दिया है। आयोग के सचिव सौम्यजीत घोष ने इस संबंध में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर 50 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की दूसरी सूची उपलब्ध कराने को कहा है।

कहा गया है कि सूची में वे अधिकारी शामिल नहीं किए जाएं जो विधानसभा चुनाव से जुड़े हैं। यदि वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की संख्या कम है, तो जितने अधिकारी कम हैं, उतने वरिष्ठतम पीसीएस अधिकारियों के नाम शामिल किए जा सकते हैं।

बशर्ते वे विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी से न जुड़े हों। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह पत्र शासन को भेज दिया है।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more