UpdateMarts
Follow Channel

16 February 2022

पत्नी से विवाद के चलते शिक्षक ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या

फर्रुखाबाद। शादी के तीन माह बाद पत्नी से विवाद के चलते शिक्षक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। शिक्षक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।


फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वनखड़िया निवासी सुखवीर यादव का पुत्र देवेंद्र यादव (26) मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गिरजा देवी डिग्री कालेज सकवाई में शिक्षक था। देवेंद्र की शादी बीती 29 नवंबर को हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के दुर्जन पुरवा निवासी प्रिया यादव के साथ हुई थी। सोमवार को देवेंद्र का पत्नी प्रिया से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद देवेंद्र मोहल्ले में ही स्थित अपने दूसरे मकान पहुंचा और वहीं उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ देर बाद जब देवेंद्र का भाई उसे तलाशते हुए मकान पर पहुंचा तो देवेंद्र को बेहोश देख उसे आवास विकास स्थित नर्सिंगहोम पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से पत्नी प्रिया, मां रानी देवी, भाई विवेक, प्रदीप, निर्दोष का रो- रो कर बुरा हाल था। भाई विवेक ने पुलिस को बताया कि देवेंद्र पत्नी से परेशान था। इस कारण ही उसने आत्महत्या की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।