UpdateMarts
Follow Channel

16 February 2022

प्रशिक्षण के बाद भी मतदान कार्मिक ढूंढ रहे ड्यूटी कटवाने का जुगाड़


 कानपुर : मतदान होने में अब सिर्फ चार दिन ही बचे हैं। ज्यादातर मतदान कर्मियों ने चुनाव प्रशिक्षण भी ले लिया है। बावजूद इसके दर्जनों कर्मचारी अभी भी ड्यूटी कटवाने को जुगाड़ ढूंढ़ रहे हैं। मंगलवार को भी विकास भवन सभागार में दर्जनों कर्मचारी हाथों में प्रार्थना पत्र लेकर घूमते रहे।



ड्यूटी कटवाने के लिए आने वाले लोगों से प्रार्थना पत्र लेने की जिम्मेदारी जिला निर्वाचन अधिकारी ने डीआईओएस सतीश तिवारी को सौंपी है। इन दिनों वह मेडिकल बोर्ड के साथ विकास भवन सभागार में बैठ रहे हैं। मंगलवार को रविदास जयंती के अवकाश से मेडिकल बोर्ड नहीं बैठा था। फिर भी यहां भीड़ जुटी रही। कोई खुद को हार्ट पेशेंट तो कोई बीपी का मरीज बता रहा था। इनमें अधिकतर ऐसे रहे, जिन्होंने भविष्य में होने वाली कार्रवाई से बचने के लिए मतदान प्रशिक्षण ले लिया है पर अब भी ड्यूटी कटने की आस नहीं छोड़ी है। कई ऐसे लोग भी दिखे, जो पत्नियों के मातृत्व अवकाश पर होने का हवाला देते हुए ड्यूटी कटवाने आए थे। कल्याणपुर से आए रमेश ने बताया की पत्नी पिछले डेढ़ माह से मातृत्व अवकाश पर चल रही है। बावजूद इसके उनकी ड्यूटी लगा दी गई है।