UpdateMarts
Follow Channel

16 February 2022

कान्वेंट आज से खुलेंगे, परिषदीय में कल से पढ़ाई: BSA साहब ने दी यह जानकारी

 बरेली: कोरोना संक्रमण और सर्दी के चलते डेढ़ माह से बंद कान्वेंट स्कूल बुधवार से गुलजार हो जाएंगे, लेकिन परिषदीय स्कूलों में आफलाइन पढ़ाई गुरुवार से होगी। छात्र-छात्रओं के आने से पहले ही स्कूल प्रबंधन ने संक्रमण से बचाव की तैयारी कर ली है। मंगलवार को कई स्कूलों में सभी कक्षों को सैनिटाइज कराया गया। स्कूल खुलने की जानकारी संदेश के जरिये भेजी जा चुकी है।


नौवीं से 12वीं तक के स्कूल खुलने के बाद नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूलों की मांग की जा रही थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से अब आठवीं तक के स्कूल खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। अभी तक नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं आनलाइन चल रही थीं।

वहीं बुधवार को रविदास जयंती होने की वजह से परिषदीय स्कूलों में गुरुवार से कक्षाएं लगेंगी। स्कूल प्रबंधन के अनुसार नर्सरी से आठवीं के छात्र-छात्रओं की कक्षाएं आफलाइन लगेंगी। पांचवीं तक के विद्यार्थी आफलाइन के अलावा आनलाइन पढ़ाई से भी जुड़े रह सकते हैं। छठी से आठवीं के छात्रों के लिए आनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था नहीं है।

कोविड प्रोटोकाल के तहत लगेंगी कक्षाएं: कक्षाओं में क्षमता के अनुसार 50 प्रतिशत छात्रों को बैठाया जाएगा। सभी छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। स्कूल के मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी।

थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। समय-समय पर स्कूल परिसर में सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी।