27 February 2026

अग्निवीर भर्ती रैली: सीतापुर, 12 जिलों के अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़

 📰 अग्निवीर भर्ती रैली: सीतापुर, श्रावस्ती समेत 12 जिलों के अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़

बरेली। भारतीय सेना की अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जाट रेजीमेंट केंद्र, बरेली में 11 से 23 मार्च तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।


यह जानकारी बुधवार को जाट रेजीमेंट केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था संबंधी बैठक में दी गई। एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक और पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष शिवम समेत संबंधित अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और सभी विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

भर्ती रैली में बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर, सीतापुर, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।

व्यवस्थाओं के निर्देश

बैठक में यातायात, कानून-व्यवस्था, सफाई, पेयजल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और अस्थायी शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन और स्वास्थ्य विभाग को विशेष तैयारी करने को कहा गया है।

सेना अधिकारियों ने निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का आश्वासन दिया। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, सभी जरूरी दस्तावेज और खेल/दौड़ से संबंधित आवश्यक सामग्री साथ लाने की सलाह दी गई है।

साथ ही अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी भी सूचना या सहायता के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।