लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रदेश में संचालित परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के साथ ही अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए 36 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
यह राशि विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए दी गई है। इसमें गरीबी रेखा से ऊपर के पात्र विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है।
जारी धनराशि विद्यार्थियों के माता-पिता या अभिभावकों के आधार-सीडेड बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। संबंधित धनराशि समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत निजी प्रबंध तंत्र और विभाग द्वारा अनुदानित विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
हालांकि शैक्षिक सत्र के अंतिम चरण में यह धनराशि जारी की गई है, जिसे आगामी सत्र की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य है कि सभी विद्यार्थियों को समय पर यूनिफॉर्म उपलब्ध हो, जिससे उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।

