27 February 2026

टीईटी के विरोध में शिक्षक संगठनों ने धरना देकर किया विरोध प्रदर्शन

 

ललितपुर। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में बृहस्पतिवार को शिक्षक संगठन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ (पूर्व माध्यमिक)और उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित डीएम को ज्ञापन दिया।

टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में विशाल धरना बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा के मान्यता प्राप्त संगठनों ने एक मंच पर आकर टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में विशाल धरना प्रदर्शन किया। जिसमें उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ (पूर्व माध्यमिक) और उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ के सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहीं। यहां शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने टीईटी की अनिवार्यता को लेकर आक्रोश जताया और कहा कि जिस समय शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। तब उन्होंने अपनी पात्रता एवं अर्हता पूरी करने के बाद ही शिक्षक बने थे। अब जब शिक्षकों की सेवाएं 20- 25 वर्ष पूरी होने को है, ऐसे में शिक्षकों से परीक्षा कराना उनके सम्मान के विरुद्ध है। इसके बाद सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जुलूस की शक्ल में बीएसए कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय के लिए रवाना हुए। शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन वाला जुलूस पानी की टंकी, सदर कांटा, पुराना बस स्टैंड होते हुए तुवन चौराहे से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। जुलूस के दौरान शिक्षक माइक के जरिए टीईटी के खिलाफ और इसकी अनिवार्यता को समाप्त करने की नारेबाजी करते रहे। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन यहां पर दिया। इस दौरान टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश मिश्रा, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी, उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष आरती सिंह ,उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री अरुण गोस्वामी, नारायण दास, बबीता रिछारिया, कमलेश राठौर, संतोष रजक, महेश वर्मा, ब्रजेश तिवारी, कमला कांत राही, अर्चना तिवारी, शिल्पी गुप्ता,आलोक श्रीवास्तव, संजीव लोहिया, हृदेश गोस्वामी, रितु रिछारिया, रजनी ओझा मेघना गोस्वामी सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।