19 April 2026

यूपी में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची 10 जून को



मतदाता सूची की प्रकाशन तिथि पांचवीं बार बढ़ाई गई

लखनऊ, । यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख पांचवीं बार बढ़ा दी गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 10 जून को होगा। इससे विधानसभा चुनाव के बाद ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। पंचायत चुनाव में देरी पर कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है या प्रशासक बैठाए जा सकते हैं।



राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 22 अप्रैल को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ाने का आदेश शनिवार को जारी कर दिया है। मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण का काम 21 अप्रैल से 28 मई तक होगा। मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, राज्य मतदाता क्रमांक का आवंटन 29 मई से 9 जून तक होगा। 10 जून को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने 23 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी। अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीखें पहले 15 जनवरी और फिर 6 फरवरी, 28 मार्च, 15 अप्रैल व 22 अप्रैल घोषित हुईं और आगे बढ़ती रहीं। अब फिर इसे बढ़ाया गया है। अनंतिम मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 40.19 लाख अधिक हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन में देरी होने से पंचायत चुनाव विधानसभा चुनावों के बाद कराए जाने के आसार नजर आ रहे हैं।