। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 17 विषयों की पुनर्परीक्षा शनिवार को छह जिलों के 53 केंद्रों पर हुई। पहले दिन दोनों पालियों में पंजीकृत 41629 अभ्यर्थियों में से 19718 (47.36 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित रहे। यानि आधे से अधिक 21911 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इनमें 41.35 प्रतिशत महिला और 58.65 फीसदी पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा प्रदेश के छह जिलों आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हुई। पुनर्परीक्षा में एशियन कल्चर, म्यूजिक तबला, फिजिकल एजुकेशन, उर्दू, इंग्लिश, सोशियोलॉजी, केमिस्ट्री, एजुकेशन, जूलॉजी, बॉटनी, एग्रीकल्चरल इकोनॉमिक्स, हिंदी, लॉ, एनिमल हसबेंड्री एंड डेयरी, म्यूजिक वोकल, फिलॉसफी और एंथ्रोपोलॉजी सहित कुल 17 विषय शामिल रहे।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को कर्नलगंज इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा को सकुशल कराने के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा अवधि के दौरान अपने सेक्टर के परीक्षा केन्द्रों पर भ्रमणशील रहने एवं परीक्षा की समाप्ति पर सामग्री जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए हुए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी को भी देखा।
अप्रैल 2023 में कौन सा देश नाटो का सदस्य बना
प्रयागराज। चयन आयोग की ओर से कराई जा रही असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की पुर्नपरीक्षा के प्रश्नपत्र पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। फेसबुक पर एक अभ्यर्थी ने लिखा है कि परीक्षा में परंपरागत मॉडल से हटकर बेहतर प्रश्नों का समावेशन किया गया। प्रयोग, समझ, समय और ज्ञान को दृष्टिगत रखते हुए पेपर बनाया गया जबकि पूर्व में केवल तथ्यात्मक प्रश्नों का ही समावेशन रहता है। सामान्य अध्ययन के खंड में सुमेलित और विचार वाले प्रश्न थोड़े उलझाऊ थे। कुछ प्रमुख प्रश्नों में पूछा गया था कि अप्रैल 2023 में कौन-सा देश नाटो का नवीनतम सदस्य बना?, काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2023 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक किस भारतीय निशानेबाज़ ने जीता?, इंटरनेट पर डेटा के विश्वसनीय अंत-से-अंत संचरण के लिए त्रुटि जांच और पुनःप्रेषण सुनिश्चित करने वाला प्रमुख प्रोटोकॉल कौन-सा है?
एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से रखी नजर
परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए चयन आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सचिव मनोज कुमार, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों के जरिए परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
लखनऊ के एक केंद्र पर लग गई आग
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रथम पाली से पहले प्रधानाचार्य कक्ष की एसी वायरिंग में आग लगने की सूचना मिली। हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया और नोडल अधिकारी व आयोग के प्रेक्षक की मौजूदगी में परीक्षा केंद्र को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित कर परीक्षा सकुशल कराई गई।

