19 April 2026

महिला अभ्यर्थियों का रेंज के जिले में होगा परीक्षा केंद्र



लखनऊ, । होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को जिला पर्ची जारी कर दी। इसमें अभ्यर्थियों को उनकी परीक्षा तिथि और जिले की जानकारी दी गई है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र आवंटित किए हैं। महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के रेंज के ही जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। पुरुष अभ्यर्थियों को सटे जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।


अभ्यर्थी के धार्मिक चिन्ह से छेड़छाड़ न हो

निर्देश दिए गए हैं कि हर अभ्यर्थी के आधार सत्यापन और शतप्रतिशत ई-केवाईसी के लिए आइरिस आधारित बायोमेट्रिक जांच के उपकरण केंद्रों पर लगाए जाएंगे। केंद्रों पर प्रत्येक महिला अभ्यर्थी की जांच एनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी के धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि को काटने-हटाने की आवश्यकता नहीं है। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि अभ्यर्थी यथासंभव जूते-मोजे के बजाए चप्पल पहनकर आएं।