प्रयागराज। लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। हजारों रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। पोर्टल के जरिये डाटा संग्रह और अधियाचन मिलने के बाद शिक्षा सेवा चयन आयोग किसी भी समय नई वैकेंसी जारी कर सकता है। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार, इसी महीने से रिक्त पदों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। प्रदेश के 4512 एडेड माध्यमिक विद्यालयों और 330 एडेड महाविद्यालयों से ऑनलाइन जानकारी ली जाएगी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रदेश के अशासकीय सहायता माध्यमिक प्राप्त विद्यालयों और
महाविद्यालयों में नई भर्तियों की तैयारी में जुट गया है। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए आयोग ने रिक्त पदों की सूचना एकत्र करने हेतु नया पोर्टल तैयार कर लिया है।
वर्तमान स्थिति के अनुसार माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के 23,000 पद रिक्त हैं। जबकि महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर व प्राचार्य के 1200 पद खाली हैं। आयोग का कहना है कि जैसे ही विभाग से अधियाचन प्राप्त होगा, पदों का परीक्षण कर नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा।

