एटा के जैथरा विकास खंड के ग्राम नगला बली स्थित एसपीएस पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत एक सात वर्षीय छात्रा को शिक्षक ने बेरहमी से पीटा। हैवान बने शिक्षक के छात्रा के बालों को उखाड़ लिया। इस छात्रा की गलती सिर्फ इतनी थी कि वो स्कूल पांच मिनट देरी से पहुंची थी। घटना की जानकारी मिलन ने के बाद छात्रा के परिजन स्कूल पहुंच गए। छात्रा की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छात्रा नित्या लंच ब्रेक के दौरान खाना खाने घर गई थी। समय से पांच मिनट विलंब से विद्यालय लौटने पर शिक्षक संतोष का गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को क्रूरतापूर्ण ढंग से डंडे से पीटा। इतना ही नहीं शिक्षक ने छात्रा के सिर से बाल भी खींच लिए। मासूम छात्रा की चीखें विद्यालय की दीवारों से टकराती रहीं, लेकिन शिक्षक का दिल नहीं पसीजा। इस अमानवीय कृत्य को देखकर अन्य छात्र-छात्राएं भी सहम गए।
शिक्षक संतोष के कहर से डरी सहमी नित्या ने रात में अपने परिजनों को घटना के बारे में बताने में भी काफी समय लिया। आखिरकार डरते-डरते उसने अपनी मां सरोज को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित छात्रा की मां, सरोज पत्नी अमरदीप, निवासी माया ने तुरंत कोतवाली में शिक्षक संतोष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
इस घटना ने आम लोगों को झकझोर दिया है। उनका कहना है कि सरकार बेटियों को पढ़ाने और सुरक्षित रखने के लिए अथक प्रयास कर रही है, लेकिन ऐसे शिक्षक बेटियों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा हैं। लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और वे ऐसे विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी विजय गोस्वामी ने इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालयों की मान्यता तत्काल समाप्त की जानी चाहिए और उन्हें सील कर देना चाहिए।

