24 May 2026

यूपी मदरसा बोर्ड रिजल्ट 2026 घोषित, बेटियों का शानदार प्रदर्शन

 

यूपी मदरसा बोर्ड रिजल्ट 2026 घोषित, बेटियों का शानदार प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 सूची में अपना दबदबा कायम रखा।

सीनियर सेकेंडरी में वाराणसी की जुमी फरीन बनीं टॉपर

आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में वाराणसी के दारुल उलूम विद्यालय की छात्रा जुमी फरीन ने 500 में 413 अंक (82.60 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

दूसरे स्थान पर वाराणसी की शाहिस्ता परवीन और अमरोहा की उम्मुल खैर रहीं, जिन्होंने 412 अंक (82.40 प्रतिशत) प्राप्त किए। टॉप-10 सूची में वाराणसी, अमरोहा और फर्रुखाबाद के छात्र-छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। अधिकांश परीक्षार्थियों ने 81 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

सेकेंडरी परीक्षा में मोहम्मद वसीम बने प्रदेश टॉपर

मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) परीक्षा में चंदौली के मदरसा मिस्बाहुल उलूम, धनापुर के छात्र मोहम्मद वसीम ने 600 में 555 अंक (92.50 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

दूसरे स्थान पर मिर्जापुर के मोहम्मद कासिम अली रहे, जिन्होंने 89.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, तीसरे स्थान पर शाहिमा परवीन रहीं, जिन्होंने 89.33 प्रतिशत अंक हासिल किए।

टॉप-10 सूची में गोंडा, कुशीनगर, जौनपुर, गोरखपुर और लखनऊ के छात्र-छात्राओं ने भी जगह बनाई। लखनऊ की जामिया इस्लामिया की छात्रा सानिया ने 527 अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया।

छात्राओं का प्रदर्शन रहा बेहतर

मदरसा बोर्ड परीक्षा में इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा।

  • मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) परीक्षा में कुल 62,232 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 47,036 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं और 41,426 सफल घोषित की गईं। परीक्षा का कुल परिणाम 88.07 प्रतिशत रहा। छात्राओं का सफलता प्रतिशत 91.46 जबकि छात्रों का 84.72 प्रतिशत दर्ज किया गया।

  • आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में 18,701 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 16,175 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 14,362 सफल घोषित किए गए। परीक्षा का कुल परिणाम 88.79 प्रतिशत रहा। छात्राओं का सफलता प्रतिशत 90.88 जबकि छात्रों का 86.42 प्रतिशत रहा।

आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दे रही सरकार : ओमप्रकाश राजभर

अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की नीति के तहत अल्पसंख्यक छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मदरसों में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।