24 May 2026

प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक समायोजन पूरा, अब जूनियर स्कूलों की तैयारी तेज

  प्राथमिक स्कूलों में समायोजन पूरा, अब जूनियर की बारी

 


शाहजहांपुर: परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्राथमिक स्तर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। विभाग ने 61 स्कूलों में शिक्षकों का समायोजन कर दिया है और अब उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विषयवार समायोजन की तैयारी शुरू हो गई है।

पिछली बार समायोजन प्रक्रिया में हुए विवादों और आलोचनाओं को देखते हुए इस बार बेसिक शिक्षा विभाग पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है। प्राथमिक स्तर पर 61 विद्यालयों की सूची जारी कर काउंसलिंग कराई गई, जिसमें 54 स्कूलों के लिए शिक्षकों से विकल्प भरवाए गए।

अब विभाग उच्च प्राथमिक विद्यालयों के समायोजन को लेकर विस्तृत तैयारी में जुटा है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से उनके क्षेत्रों की स्थिति का डाटा मंगाया गया, जिसके आधार पर सूची को अंतिम रूप दिया गया है।

समायोजन प्रक्रिया को लेकर विभाग को करीब 250 आपत्तियां भी प्राप्त हुई हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि जूनियर स्कूलों में विषयवार समायोजन किया जाएगा। उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सूची बुधवार रात जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।