राजकीय महाविद्यालयों के 230 प्रवक्ताओं का तबादला, उच्च शिक्षा विभाग ने जारी की सूची
लखनऊ। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत 230 प्रवक्ताओं के तबादले कर दिए हैं। शनिवार देर रात जारी की गई तबादला सूची में विभाग ने जरूरत के अनुसार विभिन्न महाविद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जिन राजकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी थी, वहां नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति की गई है। हालांकि कई कॉलेजों में अभी भी शिक्षकों की आवश्यकता बनी हुई है। कम छात्र संख्या वाले महाविद्यालयों से शिक्षकों को हटाकर जरूरत वाले संस्थानों में भेजा गया है।
कम प्रवेश वाले कॉलेजों पर भी चला शासन का डंडा
उच्च शिक्षा विभाग लगातार प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए बैठकें कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने शिक्षकों की तैनाती को संतुलित करने का निर्णय लिया।
तबादला नीति लागू होने के बाद शनिवार को जारी सूची में मिर्जापुर, रायबरेली और अन्य जिलों के कई शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया। वहीं सोनभद्र के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में भी आधा दर्जन से अधिक शिक्षकों की नई तैनाती की गई है।
जरूरत वाले कॉलेजों में होगी तैनाती
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकेल अहमद सिद्दीकी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि तबादला किए गए शिक्षक तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। इसके लिए किसी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा।
विभाग का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाना और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

