कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र में एक सरकारी बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता समेत तीन लोगों के खिलाफ छात्रा का कथित ब्रेनवॉश, मतांतरण और लव जिहाद की कोशिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत सिराथू निवासी एक हिंदुवादी नेता की बेटी जीजीआईसी सिराथू में हाईस्कूल की छात्रा है। पिता का आरोप है कि पिछले दो महीनों से बेटी के क्रियाकलाप और व्यवहार में अचानक बदलाव देखने को मिला। संदेह होने पर जब बेटी से पूछताछ की गई तो उसने कॉलेज की उर्दू प्रवक्ता शाइस्ता नूर पर मानसिक रूप से प्रभावित करने का आरोप लगाया।
आरोप है कि प्रवक्ता छात्राओं से इस्लाम धर्म से संबंधित बातें करती थीं और हिंदू धर्म को गलत तथा इस्लाम को बेहतर बताती थीं। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रवक्ता ने अपने करीबी गाजीपुर निवासी मोहम्मद इरफान से कॉलेज में मुलाकात कराई और अन्य छात्राओं को भी इस कार्य में शामिल किया गया।
पीड़िता के पिता का कहना है कि विरोध करने पर विपक्षियों की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही आरोप लगाया गया कि प्रवक्ता के इशारे पर इरफान समेत कई लोग छात्राओं के घरों की रेकी करते थे और मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारियां जुटाते थे।
सिराथू कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि जीजीआईसी सिराथू की प्रवक्ता शाइस्ता नूर को राजकीय हाईस्कूल पहेलना से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही रिपोर्ट अपर शिक्षा निदेशक को भेजी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

