बाराबंकी व एनसीआर के जिलों में बारिश, अयोध्या व गोंडा में आंधी, पेड़-खंभे गिरे
46.2 डिग्री के साथ बांदा अब भी सबसे गर्म
लखनऊ : भीषण गर्मी से तप रहे लोगों को शनिवार को अवध और एनसीआर के कुछ जिलों में आंधी-बारिश से भी राहत नहीं मिल सकी। बुंदेलखंड सहित कई जिलों में सूरज के तेवर इतने तीखे रहे कि गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया। बांदा अभी भी प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार से नौतपा शुरू होने जा रहा है, जिससे गर्मी कम होने के बजाय अगले छह दिनों तक और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान से आग बरसने और झुलसा देने वाली पछुआ हवाएं चलने के आसार हैं। हालांकि छह दिन बाद बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
अवध के जिलों में शनिवार को मौसम का बदला हुआ रूप दिखाई दिया। अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में दोपहर बाद तेज आंधी चली, जिससे कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। बाराबंकी में आंधी के साथ बारिश भी हुई। वहीं लखनऊ, सुलतानपुर, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई और श्रावस्ती में लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते नजर आए।
प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज में पारा 46 डिग्री, झांसी में 44.9, वाराणसी में 44.7, हमीरपुर में 44.6 और सुलतानपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
छह दिन बाद बारिश के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार अगले छह दिनों तक मौसम के शुष्क और साफ बने रहने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर ही बारिश होगी, जबकि कई जगहों पर भीषण गर्मी जारी रह सकती है।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। इसके बाद अगले छह दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

