यूपी में पिछले चार दिनों से चल रहा आंधी और राहत की बौछारों का दौर अब खत्म हो रहा है। मौसम मुख्यालय लखनऊ के मुताबिक, आसमान साफ होते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं और मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटों में राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में ऊष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है। रविवार को को बुंदेलखंड का इलाका सबसे भीषण गर्मी की चपेट में रहा। बांदा और झांसी में अधिकतम तापमान 43.2 दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था। इसके ठीक पीछे प्रयागराज रहा, जहां पारा 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कानपुर (आईएएफ), फतेहगढ़ और उरई (जालौन) में भी तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, लखनऊ में भी तपिश बढ़ गई। लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया।
सिर्फ शाहजहांपुर में बरसे बदरा, बाकी जगह मौसम शुष्क
मौसम केन्द्र के मुताबिक पिछले दिनों की तुलना में शनिवार को प्रदेश का मौसम लगभग साफ रहा। पूरे राज्य में केवल शाहजहांपुर इकलौता ऐसा जिला रहा जहां 1.8 मिलीमीटर की आंशिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन-चार दिनों तक तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
कानपुर में तेज धूप से पारा 40.4 डिग्री पर, सबसे गर्म दिन रहा
हवा की दिशा बदलते ही धूप की तपिश बढ़ गई। लू के झोंकों से मौसम दिन में शुष्क हो गया और तापमान एक बार फिर 40 के पार चला गया। अधिकतम तापमान सीजन (जून) का सर्वाधिक 40.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के बाद कानपुर समेत पूर्वी यूपी के 16 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान तेजी से चढ़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभों और मौसमी सिस्टमों की वजह से पूरे देश में आंधी-पानी की संभावना बनी हुई है जिसमें उत्तर प्रदेश नहीं है। हालांकि रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में तेज हवाएं चलीं और आंधी-पानी के आसार बने। इसी तरह पूर्वी यूपी के कोने में भी बादलों के टुकड़ों से हल्का प्रभाव पड़ा।
गर्मी के कारण सड़कों पर पसरा सन्नाटा
कानपुर में अधिकतम तापमान 04 जून को 40.1 डिग्री रहा था। इसके बाद रविवार को यह 40.4 डिग्री पहुंचा। यह सामान्य से कम है। अधिकतम नमी 61 फीसदी और न्यूनतम 35 फीसदी रही। हवा की अधिकतम गति 15 किमी प्रति घंटा तक रही। दिन में लोगों को लू का अहसास हुआ। गर्मी ज्यादा होने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग की मानें तो नौ जून से हीट वेव की शुरुआत हो सकती है। सोमवार को मौसम सामान्य रहेगा लेकिन मंगलवार को पारा चढ़ सकता है। आईएमडी ने 09 और 10 जून के लिए 16 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कानपुर नगर, कानपुर देहात, झांसी, फतेहपुर.बांदा, हमीरपुर, महोबा, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, संत रविदास नगर, जौनपुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी और मिर्जापुर शामिल हैं।
11 जून को आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ
आईएमडी के अनुसार 11 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। यह विक्षोभ भी उत्तर प्रदेश को प्रभावित कर सकता है। लेकिन इसके सशक्त होने की संभावना कम है। इससे नमी का प्रतिशत बढ़ेगा और 11 जून से हीट वेव पर ब्रेक लगेगा और पारा गिर जाएगा। पर नमी अधिक होने से गर्मी में कोई कमी नहीं आएगी। उमस भरी गर्मी होगी। हीट इंडेक्स अधिक रहेंगे। फिलहाल 10 जून तक उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मंगलवार से तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है। आगे उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।

