लखनऊ। शिक्षक संगठन अटेवा ने पुरानी पेंशन, निजीकरण व टीईटी के मुद्दे पर 25 सितंबर को लखनऊ मे रैली करने का ऐलान किया है। अटेवा के प्रदेश पदाधिकारियों की रविवार को ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें शिक्षकों के प्रमुख मुद्दों पर विचार किया गया और चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। अटेवा 11 जून को प्रदेशभर में जनजागरण यात्रा निकालेगा। इसके बाद 10 जुलाई से 15 अगस्त तक ब्लाकों व जिलों में जनजागरण गोष्ठी व सदस्यता अभियान चलेगा।
इसके बाद 29 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर शांति मार्च निकालेंगे। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान इस अवधि में न हुआ तो संगठन प्रदेश भर के शिक्षकों को जुटाकर 25 सितंबर को लखनऊ मे विशाल रैली करेगा।
बैठक की अध्यक्षता अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने करते हुए कहा कि टीईटी अनिवार्यता के कारण लाखों शिक्षकों की नौकरी खतरे में है। बढ़ते निजीकरण के कारण लगातार सरकारी नौकरियों में कमी हो रही है। साथ ही पुरानी पेंशन बहाल न होने से शिक्षक और कर्मचारियों को सेवानिवृत होने पर दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। इस पर अब संघर्ष ही एक मात्र रास्ता है।

