लखनऊ। निपुण भारत मिशन में परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा पांच तक के बच्चों को अब हिंदी, अंग्रेजी व गणित के साथ पर्यावरण की भी शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित के साथ पर्यावरण अध्ययन (ईवीएस) विषयों के लिए नए लक्ष्य व दक्षताएं तय की जा रही हैं। इसे 20 जून तक तय करते हुए मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
प्रदेश में निपुण भारत मिशन को शिक्षा सुधार का मजबूत आधार बन चुका है।
निपुण 2.0 के माध्यम से सरकार आधारभूत शिक्षा सुधार को अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही है।
कक्षा 3 से 5 तक मिशन के विस्तार से बच्चों की सीखने की निरंतरता मजबूत होगी, विषयगत समझ बेहतर होगी और विद्यालयों में परिणामों को नई गति मिलेगी।
कार्ययोजना के तहत हिंदी और गणित विषयों के लिए प्रारूप अधिगम लक्ष्य तैयार कर लिए गए हैं। आगामी चरण में अंग्रेजी और ईवीएस विषयों के लिए भी लक्ष्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इन लक्ष्यों के माध्यम से विद्यार्थियों की कक्षावार सीखने की उपलब्धियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाएगा, जिससे शिक्षकों को शैक्षणिक योजना निर्माण और अधिगम मूल्यांकन में सहायता मिलेगी।

