08 June 2026

अब शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई

प्रयागराज। सालों से शिक्षकों की भर्ती न होने के कारण 2635 राजकीय और 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। तमाम स्कूलों में गणित, विज्ञान, कंप्यूटर और वाणिज्य आदि विषयों में पढ़ाने के लिए शिक्षक ही नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसर एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं।



राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सेवानिवृत्त अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से नि:शुल्क गेस्ट फैकल्टी के रूप में सेवाएं लेने पर विचार हो रहा है तो वहीं राजकीय और एडेड कॉलेजों में जिन विषयों के शिक्षकों की कमी है वहां ओपन स्कूलिंग या ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने पर मंथन चल रहा है। 27 मई को यूपी बोर्ड मुख्यालय में राजकीय, एडेड और वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक भी हुई थी। इस संबंध में बैठक भी हुई। यूपी बोर्ड की ओर से राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) को पत्र भी भेजा गया है।