मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश की करीब 60 फीसदी युवा आबादी स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटा रही है। ऐसे में अनाम और फर्जी अकाउंट्स गलत तथ्य पेश कर समाज में अव्यवस्था और विद्वेष पैदा कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि सोशल मीडिया की अफवाहों से युवा को बचाएं।
निशाने पर रहे विरोधी:सीएम रविवार को आगरा और मैनपुरी में थे। मैनपुरी के नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम में सीएम ने विरोधियों को निशाने पर लिया। कहा कि नौ साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश की टॉप-3 में शामिल हो गई है। पहले की सरकार के मुखिया ने अपना और परिवार का पेट भरा। सपा के गुंडों ने महिलाओं, व्यापारियों का जीना मुश्किल कर दिया था, लेकिन अब अपराधियों की जगह जेल या जहन्नुम तय कर दी गई है। जो माफिया सिर उठाएगा उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
अब सब कुछ चंगा: इटावा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के गढ़ इटावा में सैफई परिवार पर जोरदार हमला बोला। नुमाइश पंडाल मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि अब न तो कर्फ्यू लगता है और न ही दंगे होते हैं।
प्रदेश में सब कुछ चंगा है। उन्होंने कहा कि पहले सपा का सिंडीकेट चलता था और गुंडों-माफिया को बढ़ावा दिया जाता था, लेकिन भाजपा की सरकार में सब बंद हो गया।
इटावा में मुख्यमंत्री ने जनसभा से पहले 604 करोड़ की 128 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 30 मिनट के संबोधन में सपा को ही अधिक निशाने पर रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी तरीके से काम करने की मुहिम शुरू की, जो बाद में सैफई के परिवारवाद की बेल में जकड़ गई। विकास के काम ठप हो गए और पैसा कब्रिस्तानों के विकास में लगने लगा।
अब योग्यता के आधार पर मिलता है नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा में सपा को सिंडीकेट बताते हुए कहा कि पहले जब नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजे वसूली के लिए निकल पड़ते थे। सिफारिश पर नौकरी मिलती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब योग्यता पर नियुक्तिपत्र मिलता है। गोरखपुर और इटावा में कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। पहले जैसा नहीं रहा है, अब इटावा को लखनऊ और मैनपुरी को प्रयागराज की तरह ही बराबरी का सम्मान मिलने लगा है। गोरखपुर हो, इटावा हो या कानपुर, विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। इसका उदाहरण सैफई में बना मेडिकल विश्वविद्यालय है, जहां पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये का बजट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यूपी को बीमारू राज्य कहा जाता था। अब ग्रोथ इंजन बन गया है।

